ओडिशा से पंजाब जा रहा 18 किलो गांजा पकड़ा, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
11.15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। सिंघोड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल, एनएच-53 पर कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ दो स्कूटी और दो मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
ओडिशा से गांजा खरीदकर पंजाब ले जाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अलग-अलग स्कूटियों से गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर रेहटीखोल अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान पुलिस ने ओडिशा नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी ( ओडी 15 एजी 0972) को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम दीपक कुमार साहनी (31), निवासी गोपालगंज, बिहार बताया।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसके पीछे दूसरी स्कूटी आ रही है, जिसमें गांजा रखा हुआ है। वह ओडिशा से छत्तीसगढ़ सीमा तक दूसरी स्कूटी की पायलटिंग कर रहा था। कुछ देर बाद पुलिस ने बताई गई दूसरी स्कूटी सीजी 04 आरबी 3286 को भी रोक लिया।
स्कूटी की डिक्की और प्लास्टिक थैले से मिला गांजा
दूसरी स्कूटी चला रहे युवक ने अपना नाम विशाल शाह (23), निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार बताया। पुलिस ने स्कूटी की तलाशी ली तो सफेद रंग के प्लास्टिक थैले में दो पैकेट और डिक्की में टेप से पैक किया हुआ एक पैकेट मिला। जांच में इन पैकेटों में कुल 18 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में विशाल ने बताया कि गांजा ओडिशा से खरीदा गया था और इसे आगे बिक्री के लिए पंजाब ले जाया जा रहा था।
गांजा, स्कूटी और मोबाइल समेत 11.15 लाख की जब्ती
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 किलो गांजा कीमत 9 लाख रुपये, दो टीवीएस जुपिटर स्कूटी कीमत करीब 2 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमत 15 हजार रुपये जब्त किए। इस तरह कुल जब्ती 11 लाख 15 हजार रुपये की बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, दोनों जेल भेजे गए
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाने में धारा 20(बी)(ii)(बी), 29(1) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
