स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल का आरोप, कांग्रेस ने उपभोक्ताओं से लिए आवेदन
बागबाहरा के वार्ड 8 और 9 में चलाया अभियान, पुराने मीटर लगाने और शिकायतों की जांच की मांग
महासमुंद। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने बागबाहरा में प्रभावित बिजली उपभोक्ताओं से आवेदन लेने का अभियान चलाया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में सोमवार सुबह 8 बजे बिरनापारा के वार्ड क्रमांक 8 में अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 के कई उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराते हुए आवेदन जमा किए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं की ओर से बिजली बिल में बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिल आने की शिकायत है, उनके मामलों की बिजली विभाग द्वारा जांच की जानी चाहिए। साथ ही उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्व की व्यवस्था के तहत पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की।
विभाग के समक्ष रखी जाएंगी शिकायतें
अभियान के दौरान पहुंचे उपभोक्ताओं ने अपने आवेदन में बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं की शिकायतों को दर्ज कर उनके आवेदन एकत्र किए। जिलाध्यक्ष यादव ने कहा कि इन आवेदनों के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याओं को बिजली विभाग के समक्ष रखा जाएगा और शिकायतों के निराकरण की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से बढ़े हुए बिजली बिल का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभाग को शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस का कहना है कि स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को केवल एक क्षेत्र तक सीमित न रखते हुए प्रभावित उपभोक्ताओं की समस्याओं को सामने लाने के लिए अभियान आगे भी चलाया जाएगा।
अभियान के दौरान खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, लखबीर सिंह छाबड़ा, देवेश साहू, गणेश शर्मा, अशोक अग्रवाल, पंकज हरपाल, दुर्गा सागर, भुरू, राजेश सोनी, मन्ताराम यादव, मिथुन अमीर, मेनका साहू, पोखरार्ज साहू, गिरीश पटेल, मोनू मयंक शर्मा, पंचराम यादव, दुर्गा जगत, जुली पांडे, किशोर दीप, महेश, बृजदीप, शंकर तांडी, लुदरो बघेल, रामेश्वरी तांडी, राजू जगत, हितेश खरे और मोहन बांधे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बिजली उपभोक्ता मौजूद रहे।
