महतारी वंदन योजना बनी संघर्ष के दौर में रनिया बाई का सहारा, 30वीं और 31वीं किस्त ने दी बड़ी राहत

गरियाबंद, 31 अगस्त 2026/ विकासखंड फिंगेश्वर के ग्राम पंचायत रोहिना के आश्रित ग्राम सेंम्हाराडीह की श्रीमती रनिया बाई ध्रुव का जीवन संघर्ष और हौसले की मिसाल है। आदिवासी समाज से आने वाली रनिया बाई ने अपना पूरा जीवन मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए बिताया। स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के चलते उनके परिवार की आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। पति के इलाज में जमा पूंजी खर्च होने के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना की मासिक सहायता उनके लिए बड़ा सहारा बनी।
योजना के तहत मिलने वाली एक हजार रुपये की मासिक राशि उनके परिवार की आवश्यक जरूरतों और दवाइयों के खर्च में मददगार साबित हो रही है। रनिया बाई बताती हैं कि अगस्त माह में 30वीं और 31वीं किस्त दोनों की राशि मिलने से उन्हें विशेष राहत मिली। रक्षाबंधन जैसे पर्व के समय एक साथ दो किस्त मिलने से परिवार की जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत हुई। श्रीमती रनिया बाई धु्रव ने कहा कि हमारे परिवार ने कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि हमारे लिए बहुत बड़ा सहारा है। अगस्त माह में 30वीं और 31वीं किस्त दोनों मिलने से रक्षाबंधन के समय काफी सुविधा हुई। मैं मुख्यमंत्री विष्णु भैया का हृदय से धन्यवाद करती हूं।
उन्होंने हम जैसी महिलाओं के लिए चिंता करते हुए यह हितकारी योजना शुरू की है, जिससे हमें आर्थिक संबल और आत्मविश्वास मिला है। रनिया बाई के लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कठिन समय में परिवार को संभालने का संबल बन गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार कर रही है।

इन्हें भी पढ़े