छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष प्रदान करेगा विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026

होटल से होमस्टे, टूर ऑपरेटर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन तक 10 श्रेणियों में होंगे पुरस्कार
प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये एवं मेमेंटो, आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर
गरियाबंद, 31 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और पर्यटन से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगातार दूसरे वर्ष विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026 प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिले, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा। योजना के तहत कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
पुरस्कार की श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप, उद्यमिता पुरस्कार, सीटीबी स्टार परफार्मर सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ होटल का चयन सेवाओं एवं सुविधाओं, वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रमों, पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, सीएसआर गतिविधियों और रोजगार सृजन जैसे मानकों के आधार पर किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर के चयन में आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार-प्रसार के प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के लिए पर्यटन विकास, संवर्धन, गंतव्य प्रबंधन तथा घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले जिले का चयन किया जाएगा। पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, प्रकृति आधारित गतिविधियां, स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण जीवनशैली और पर्यटन के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया है।
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप, उद्यमिता पुरस्कार रखा गया है। नए विचारों, तकनीक, सेवाओं एवं व्यावसायिक मॉडलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने वाले स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को इस श्रेणी में प्रोत्साहित किया जाएगा। सीटीबी स्टार परफार्मर की श्रेणी में पर्यटन बोर्ड की प्रीमियम एवं बजट श्रेणी की इकाइयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट तथा उल्लेखनीय बुकिंग उपलब्ध कराने वाले पर्यटक सूचना केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा। रिसॉर्ट के चयन में टर्नओवर, लाभप्रदता और अधिभोग प्रतिशत, जबकि पर्यटक सूचना केंद्रों के मूल्यांकन में पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने के प्रदर्शन को आधार बनाया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में पर्यटन से अर्जित राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग की संख्या, घरेलू पर्यटकों की संख्या, पर्यटकों को उपलब्ध सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा और शिकायत निवारण प्रणाली जैसे मानकों को महत्व दिया जाएगा। स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर सृजित करने वाले प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आधारित रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है। सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड के तहत पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है। नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड के लिए कैंपिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक का चयन किया जाएगा। गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल, राजस्व, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव तथा नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने जैसे मानकों पर मूल्यांकन किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं संबंधित पर्यटन क्षेत्र के पात्र हितधारक अपनी प्रविष्टियां 15 सितंबर 2026 तक इट एट द रेट विजिट डॉट इन पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंधक से मोबाइल नंबर 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।
विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026 के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान देने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, सतत पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। पुरस्कार की विभिन्न श्रेणियों में स्वच्छता, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया गया है।

इन्हें भी पढ़े