घर से निकला युवक लापता, अपहरण की आशंका
महासमुंद। ग्राम गढ़सिवनी से एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से तलाश की गुहार लगाई है। मामले में तुमगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम निवासी चंचल उपाध्याय (23) ने शिकायत में बताया कि उनके पति मनोज सोनकर (30) 13 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 12:20 बजे बिना किसी को बताए घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन मनोज का कोई सुराग नहीं मिला। लगातार खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई है।
शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर तुमगांव पुलिस ने बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस युवक की तलाश के साथ उसके घर से निकलने के बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
