अयोध्या धाम के लिए श्रद्धालुओं की बस को विधायक सिन्हा ने भगवा झंडा दिखाकर किया रवाना

सपत्नीक श्रद्धालुओं से की आत्मीय भेंट, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं; बोले- श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है अयोध्या यात्रा
महासमुंद। अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन एवं पूजन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं से विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सपत्नीक आत्मीय भेंट कर उन्हें मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने श्रद्धालुओं के सुखद आवागमन और सफल दर्शन की कामना करते हुए प्रभु श्रीराम से सभी के परिवारों में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने भगवा झंडा दिखाकर श्रद्धालुओं से भरी बस को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि अयोध्या धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, श्रद्धा और विश्वास का केंद्र है। प्रभु श्रीराम की पावन नगरी के दर्शन प्रत्येक श्रद्धालु के लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम की यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करने के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सेवा, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
श्रीरामलला दर्शन योजना से प्रदेशवासियों को मिल रहा लाभ
विधायक ने कहा कि श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के लोगों को अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। राज्य के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक इस यात्रा में शामिल होकर अयोध्या धाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है, जिनमें श्री रामलला दर्शन योजना भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वर्षों के इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम नवनिर्मित मंदिर में विराजमान हुए हैं। अब छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को भी रामलला के दर्शन का पुण्य लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों को अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर के दर्शन कराने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न विकासखंडों के तीर्थयात्री लाभान्वित हो चुके हैं और आगे भी श्रद्धालुओं को निरंतर अयोध्या धाम के दर्शन का अवसर मिलता रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता हरवंश सिंह (नानू भाई), देवा नायक, शम्मी सलूजा, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता पप्पू ठाकुर, शरद मराठा, पीयूष साहू, रामेश्वर पटवा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।