कृषि महाविद्यालय बेमेतरा में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यपरायणता का संदेश

बेमेतरा 17 अगस्त 2026/- रेवेन्द्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, ढोलिया-बेमेतरा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों से सजा हुआ नजर आया और विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों में राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनूप कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अनूप कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति कर्तव्यपरायण बनता है, तो उसके अधिकारों की प्राप्ति भी सहज रूप से सुनिश्चित होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक का सदुपयोग करने, अनुशासनपूर्ण जीवनशैली अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके ज्ञान, ऊर्जा एवं सकारात्मक सोच का उपयोग राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने अनुशासन, शिक्षा, युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण तथा सामाजिक एवं जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट समाज के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि देश की प्रगति के लिए समाज में आपसी भाईचारा, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं महाविद्यालय परिवार के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में उत्साह और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. ईजी यू.के. ध्रुव, डॉ. टी.डी. साहू, डॉ. भारती बघेल, डॉ. हेमलता निराला, डॉ. साक्षी बजाज, प्रतिभा सिंह, डॉ. सरिता शर्मा, डॉ. महानंद एवं डॉ. रामेश्वर सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।