पशुसखी प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन, प्रमाण-पत्र और टूलकिट किए वितरित

जिला पंचायत सीईओ ने प्रशिक्षित पशुसखियों का बढ़ाया उत्साह; ग्रामीण पशुपालकों के हित में प्रशिक्षण का ज्ञान उपयोग करने की दी सलाह
महासमुंद। जिले में बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में संचालित पशुसखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में जिला पंचायत महासमुंद की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर एपीओ सुश्री त्रिवेणी रात्रे, आरसेटी निदेशक टुटु बेहेरा, अशोक यादव, दिलीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली पशुसखियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पशुसखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों और पशुधन से जुड़ी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने पशुसखियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ कार्य करने तथा प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग पशुपालकों के हित में करने के लिए प्रेरित किया।
प्रमाण-पत्र और टूलकिट किए प्रदान
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली पशुसखियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक टूलकिट प्रदान किए गए। इससे प्रशिक्षित पशुसखियों को ग्रामीण स्तर पर पशुपालकों को आवश्यक सेवाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
आरसेटी परिसर का किया निरीक्षण
समापन कार्यक्रम के बाद जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने आरसेटी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में संचालित कंप्यूटर (डेस्कटॉप पब्लिशिंग) प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों से चर्चा कर प्रशिक्षण की प्रगति एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर पंजीयन कराने और संबंधित वेबसाइट के माध्यम से आवश्यक प्रमाणन पाठ्यक्रम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
इच्छुक अभ्यर्थी यहां कर सकते हैं संपर्क
रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी और पंजीयन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में आरसेटी महासमुंद कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कमलेश पटेल – 79997-00673 एवं रितेश पटेल – 96910-89327 के मोबाइल नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।