स्वतंत्रता दिवस पर विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी, विधायक ने किया अवलोकन

‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ की थीम पर सजी प्रदर्शनी, 15 अगस्त तक आम नागरिक कर सकेंगे अवलोकन
महासमुंद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य शासन की मंशानुरूप जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले में तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का आयोजन ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ की थीम पर किया गया है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता से परिचित कराना है।
शुक्रवार को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी सहित गणमान्य नागरिकों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विधायक एवं उपस्थित नागरिकों ने प्रदर्शित छायाचित्रों और ऐतिहासिक जानकारी को देखा तथा आयोजन की सराहना की।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। ऐसी प्रदर्शनियां युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की गाथाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है। वहीं ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ इतिहास के उस दौर की पीड़ा और संघर्ष को याद करने का अवसर देता है, जब लाखों लोगों को विस्थापन और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि इतिहास को याद करने का उद्देश्य अतीत की पीड़ा से सीख लेकर देश में शांति, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करना है।
स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की झलक
प्रदर्शनी में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवगाथा, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारत के गौरवशाली इतिहास से संबंधित छायाचित्रों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही भारत विभाजन की विभीषिका से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को भी छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
‘हर घर तिरंगा’ थीम के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है। वहीं ‘वंदे मातरम्’ की थीम के जरिए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को स्मरण कराया जा रहा है। प्रदर्शनी में लगाए गए छायाचित्र दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
15 अगस्त तक आम नागरिक कर सकेंगे अवलोकन
तीन दिवसीय विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी 15 अगस्त 2026 तक आम नागरिकों के अवलोकन के लिए जारी रहेगी। विधायक सिन्हा ने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करें।