तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे, बाइक रैली में शामिल हुए विधायक

इलेक्ट्रिशियन संघ ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली, विधायक ने युवाओं और नागरिकों का बढ़ाया उत्साह
महासमुंद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर के इलेक्ट्रिशियन संघ द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं के साथ विधायक ने बाइक रैली में सहभागिता की। इस दौरान पूरे मार्ग पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
रैली में उत्साहपूर्वक शामिल हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने नागरिकों और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और असंख्य वीरों के बलिदान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। उनके त्याग और संघर्ष को याद करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करते हैं। देश की प्रगति और विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारे, एकता और सद्भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता रमेश साहू, आनंद गिरी, दिनेश रूपरेला, अमित साहू, अभिषेक पांडे, मेशन मजदूर संघ अध्यक्ष राधेश्याम धीवर, उपाध्यक्ष विनोद साहू, इलेक्ट्रिशियन संघ अध्यक्ष नरेश कुमार साहू, सचिव बेनुराम साहू सहित संघ के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।