बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का घर-घर अभियान तेज

सैकड़ों लोगों ने भरे विरोध फॉर्म; द्वारिकाधीश यादव और विनोद चंद्राकर ने सरकार पर साधा निशाना
महासमुंद। बढ़ती बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी का घर-घर जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 24, 25 और 30 में सघन जनसंपर्क किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बिजली संबंधी समस्याओं और सरकार की विद्युत नीति को लेकर चर्चा की। इस दौरान सैकड़ों नागरिकों से विरोध फॉर्म भरवाए गए।
अभियान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव तथा पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर विशेष रूप से शामिल हुए। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न वार्डों में लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बढ़ी बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर को लेकर उनकी राय जानी।
स्मार्ट मीटर को बताया ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’
वार्ड भ्रमण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बिजली दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों ने सरकार की विद्युत नीति पर सवाल उठाते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला बताया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने स्मार्ट मीटर को ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ तक करार दिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
‘जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा’
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि बिजली की मनमानी दरों और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस जनता के अधिकारों की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी और अभियान को जिले के प्रत्येक वार्ड तथा घर तक पहुंचाया जाएगा।
‘बिजली बिलों में बढ़ोतरी से हर वर्ग परेशान’
पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर आम लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का असर हर वर्ग पर पड़ रहा है। चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और बिजली दरों तथा स्मार्ट मीटर के विरोध में आंदोलन को आगे भी तेज किया जाएगा।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
जनसंपर्क अभियान के दौरान गुरमीत चावला, संजय शर्मा, रासी महिलांग, लक्ष्मी दीवांगन, सोनम मंसोर, अनु चंद्राकर, राजू साहू, अमन चंद्राकर, भोलेनाथ गंधर्व, हीरा बंजारे, नारायण नामदेव, गोपी तारा, जावेद चौधरी, मुस्ताक विक्की, सूरज नायक, डॉ. तरुण साहू, दिलीप चंद्राकर, युवराज साहू, पिंकी बघेल, साहिल चक्रधारी, उस्पेन चंद्राकर, सतीश कन्नौजे, गंगा बाग, आवेज खान, तोसन कन्नौजे, देवेश शर्मा, माणिक साहू, इजाज नकवी, हरी अनवर, पूनम नेताम, राजेंद्र सेन, संतोष साहू और कमल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने कहा कि बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में चल रहा जनसंपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़कर उनकी समस्याओं और विरोध को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े