स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस का जनअभियान तेज
महासमुंद-बागबाहरा में घर-घर पहुंची कांग्रेस, उपभोक्ताओं व व्यापारियों से भरवाए आवेदन; मीटर हटाने-बदलने और बिजली दरों में राहत की मांग
महासमुंद/बागबाहरा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महासमुंद जिले में स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस ने चरणबद्ध जनआंदोलन की शुरुआत कर दी है। महासमुंद शहर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के दिशा-निर्देशन तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक सहित आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में पहुंचकर व्यापारियों एवं आम उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाए। वहीं बागबाहरा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से वार्ड क्रमांक 8 में विशेष शिविर लगाकर स्मार्ट मीटर हटाने अथवा बदलने की मांग को लेकर उपभोक्ताओं से आवेदन लिए गए।
कांग्रेस के अनुसार घर-घर और दुकानों तक पहुंचकर आवेदन भरवाने का उद्देश्य बिजली की बढ़ी दरों तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित उपभोक्ताओं और व्यापारियों की शिकायतों का दस्तावेजीकरण करना है। पार्टी का कहना है कि प्राप्त आवेदनों के माध्यम से जनसमस्याओं का आंकड़ा तैयार कर सरकार और बिजली विभाग के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दा उठाया जाएगा।
व्यापारियों ने बताई बढ़े बिजली बिल की समस्या
महासमुंद के नेहरू चौक क्षेत्र में अभियान के दौरान कांग्रेस नेता व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों तक पहुंचे। इस दौरान कई व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बिजली के बढ़े बिलों को लेकर अपनी समस्याएं बताईं। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक व्यापारियों ने कहा कि दुकान का किराया, कर्मचारियों का खर्च और रोजमर्रा के अन्य खर्चों के बीच बढ़ते बिजली बिल का भुगतान करना मुश्किल हो रहा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल आने की शिकायत है। पार्टी नेताओं का कहना है कि बिजली दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष है तथा सरकार को इस संबंध में तत्काल राहत के उपाय करने चाहिए।
बागबाहरा में शिविर लगाकर लिए आवेदन
बागबाहरा के वार्ड क्रमांक 8 में लगाए गए विशेष शिविर में बिजली उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर हटाने अथवा बदलने की मांग को लेकर आवेदन सौंपे। कांग्रेस नेता लखबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल आने की शिकायत है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
छाबड़ा ने कहा कि आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता, जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर मीटर बदलने अथवा हटाने के लिए आवेदन देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
जनता ने अभियान में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कांग्रेस नेताओं के अनुसार महासमुंद में व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं ने आवेदन अभियान में रुचि दिखाई तथा कई लोगों ने स्वयं आगे आकर फॉर्म भरे। पार्टी का कहना है कि यह अभियान केवल आवेदन एकत्र करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राप्त शिकायतों को एकजुट कर सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक बिजली दरों में राहत और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान नहीं होता, तब तक पार्टी इस मुद्दे को लेकर वार्ड से लेकर जिले तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
महासमुंद में अभियान के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, जिला महामंत्री भरत ठाकुर, मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, शहर महामंत्री निर्मल जैन, शहर उपाध्यक्ष एवं पार्षद मुस्ताक खान विक्की, शहर महामंत्री तबरेज खान, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनम बंसोड, राजू साहू, गोपी तारक, बसंत चंद्राकर, लीलू साहू, अनुराग चंद्राकर, भानु सोनी सहित वार्ड प्रभारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बागबाहरा में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, उपाध्यक्ष देवेश साहू, निशा यादव, गिरीश पटेल, नवनीत सलूजा, पंचराम यादव, दिनेश मोगरे, राजेश सोनी, पंकज हस्पाल, अशोक अग्रवाल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
