कत्लखाने ले जा रहे चार भैंस बरामद, वाहन चालक पर कार्रवाई
महासमुंद। पिकअप वाहन में चार भैंसों को क्रूरतापूर्वक बांधकर ओडिशा के कत्लखाने ले जाने के मामले में सांकरा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मवेशियों को बरामद करते हुए वाहन चालक के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, वन सर्कल बम्हनी के प्रार्थी बीरेंद्र कुमार पाठक ने 7 अगस्त को आवेदन देकर बताया कि पिकअप क्रमांक सीजी 04 क्यूएस 7448 में चार भैंसों को हुक में रस्सी से बांधकर क्रूरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। वाहन वन उपज जांच नाका झगरेनडीह के रास्ते ओडिशा के कत्लखाने की ओर जा रहा था। संदेह के आधार पर झगरेनडीह वन उपज नाका के पास वाहन को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान पिकअप में चार भैंस बंधी हुई मिलीं। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सेतु यादव (28), निवासी महत्तमतोरा, खरियाररोड, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) बताया। पुलिस ने मवेशियों को बरामद कर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई की है।
