पंचायत भवन में आमसभा के दौरान सरपंच से मारपीट, तीन के खिलाफ अपराध दर्ज
मुरूम नहीं बिछाने की बात को लेकर हुआ विवाद, गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप
महासमुंद। ग्राम पंचायत बुंदेली के पंचायत भवन में आयोजित आमसभा के दौरान सरपंच के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर तेंदूकोना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत बुंदेली के सरपंच रवि निषाद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त को ग्राम कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर पंचायत भवन में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान गांव के देश कुमार ठाकुर, राजकुमार खुंटे और भुनेश्वर प्रभाकर ने उनके पारा, गली-मोहल्लों में मुरूम नहीं बिछाने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि तीनों ने सरपंच के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद सरपंच ने तेंदूकोना थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 296, 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
