विश्व आदिवासी दिवस पर कोमाखान में सजेगा आदिवासी संस्कृति का रंग

9 अगस्त को उप मंडी प्रांगण में होगा भव्य महोत्सव, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव होंगे मुख्य अतिथि
महासमुंद। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को कोमाखान के उप मंडी प्रांगण में अखिल भारतीय गोंड़ समाज (18 गढ़, राज-सुअरमार) के तत्वावधान में भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महोत्सव को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
विधायक को सौंपा आमंत्रण पत्र
महोत्सव में शामिल होने के लिए गोंड़ समाज के प्रतिनिधिमंडल ने खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव से सौजन्य भेंट की और उन्हें कार्यक्रम का औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आयोजन में शामिल होकर समाजजनों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया। इस दौरान समाज के विभिन्न पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिखेगी आदिवासी विरासत
समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित महोत्सव में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को केंद्र में रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी जीवनशैली और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की जाएगी। आयोजन में समाज के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद
आमंत्रण देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में राज अध्यक्ष देवसिंह ठाकुर, राज उपाध्यक्ष राजू ठाकुर, महामंत्री कोमल सोम, तूफान दीवान, सर्किल अध्यक्ष ओंकार सिंह ठाकुर, मोहर सिंह ठाकुर, राधेश्याम ठाकुर, अरुण सिंह ठाकुर, सचिव रघुवीर सिंह ठाकुर, सरपंच एडिसन ठाकुर, महिला प्रतिनिधि बसंता ठाकुर, संगीता ठाकुर और रामवती ठाकुर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे।