मिशन क्लीन सिटी प्रभारी पर महिला कर्मचारियों के गंभीर आरोप
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 7864320;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 38;
बारिश में भीगने के बाद कपड़े बदलते समय सीसीटीवी से निगरानी का आरोप
दुर्व्यवहार और नौकरी से निकालने की धमकी की भी शिकायत
महासमुंद। नगर पालिका परिषद के मिशन क्लीन सिटी में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने प्रभारी नौशाद बक्श के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर और नगर पालिका प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपी है। कर्मचारियों ने प्रभारी पर कथित दुर्व्यवहार, मनमानी, निर्धारित समय से अधिक काम कराने, वेतन काटने और काम से निकालने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि बारिश में भीगकर एसएलआर सेंटर (मणिकंचन केंद्र) पहुंचने के बाद महिला कर्मचारियों के कपड़े बदलने के दौरान उन्हें सीसीटीवी कैमरे से देखे जाने का कथित मामला सामने आया। कर्मचारियों ने वर्तमान प्रभारी को हटाकर किसी अन्य कर्मचारी को जिम्मेदारी सौंपने की मांग की है। इसे लेकर कर्मचारियों ने एक अगस्त से काम बंद रखा है।
डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का करती हैं काम
शिकायतकर्ताओं के अनुसार वे नगर पालिका के मिशन क्लीन सिटी के तहत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सहित स्वच्छता संबंधी कार्यों में जुटी हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान में नौशाद बक्श को मिशन क्लीन सिटी का प्रभारी बनाया गया है। आरोप है कि प्रभारी द्वारा महिला कर्मचारियों के साथ आए दिन कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया जाता है। व्यक्तिगत या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छुट्टी की आवश्यकता होने पर भी कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है तथा नौकरी से हटाने या काम से भगा देने की बात कहकर अपमानित किया जाता है।
बारिश में भीगने के बाद कपड़े बदलने पर निगरानी का आरोप
महिला कर्मचारियों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बारिश के दौरान काम करते हुए भीगने के बाद जब वे एसएलआर सेंटर पहुंचीं और कपड़े बदलने लगीं, तब उन्हें सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से देखे जाने का कथित मामला सामने आया। कर्मचारियों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की निजता और सम्मान को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
समस्या बताने पर समाधान के बजाय मनमानी का आरोप
कर्मचारियों का कहना है कि डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के दौरान कई तरह की व्यवहारिक और कार्य संबंधी समस्याएं सामने आती हैं। इन समस्याओं की जानकारी प्रभारी को देने के बावजूद उनका समाधान करने के बजाय कथित रूप से अपनी मनमर्जी से व्यवहार किया जाता है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों को काम से निकालने की धमकी दी जाती है, जिससे कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सुबह 8 से रात 10-12 बजे तक काम कराने का दावा
शिकायत में कर्मचारियों ने निर्धारित कार्य समय से अधिक काम कराए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनसे सुबह करीब 8 बजे से रात 10 से 12 बजे तक कार्य कराया जाता है। कर्मचारियों के अनुसार लंबे समय तक काम करने के बावजूद यदि किसी दिन वे कार्य पर उपस्थित नहीं हो पाते हैं तो उस दिन का वेतन काट लिया जाता है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभारी हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग
मिशन क्लीन सिटी के कर्मचारियों ने कलेक्टर और नगर पालिका प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कर्मचारियों ने वर्तमान प्रभारी नौशाद बक्श को हटाकर किसी अन्य कर्मचारी को मिशन क्लीन सिटी का प्रभारी बनाए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि कार्यस्थल पर कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
अब शिकायत के बाद नगर पालिका प्रशासन इस पूरे मामले में क्या जांच और कार्रवाई करता है, यह देखने वाली बात होगी। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाएगा और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
प्रशासनिक कार्य कुशलता के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं। एस एल आर सेंटर शहर के बाहर है,और दीदियो की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। उनकी परेशानी को समझ सकते हैं। इस लिए कैमरे का एंगल चैंज करा दिया जाएगा। अपने स्तर की जो भी परेशानियां है, उसका समाधान कर दिया जाएगा। जो शासन स्तर का मामला है उसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाता है। उनकी जो भी समस्या है उसे दूर किया जाएगा।
– सौरभ शर्मा, सीएमओ, नगर पालिका परिषद महासमुंद
