तोरणी विद्यालय में हुआ विधिक जागरूकता शिविर
कोंडागांव 07 अगस्त 2026/ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश /अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव गायत्री साय के नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोरण्डी में अधिकार मित्र गुलशन कुमार नेताम के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक साक्षरता बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना तथा कानून के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
अधिकार मित्र गुलशन कुमार नेताम ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों के कानूनी अधिकार, नशे के दुष्परिणाम तथा संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की साथ ही विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग एवं साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, सामाजिक कुरीतियों के विरूद्ध जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी विधिक जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आव्हान किया गया। विद्यालय परिवार ने इस उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रति आभार व्यक्त किया।
