नगर पालिका की सामान्य बैठक में जनहित के कई अहम फैसले, दर्री तालाब बनेगा पर्यटन व विश्राम स्थल

पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण, जलापूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर बनी सहमति
महासमुंद। नगर पालिका परिषद महासमुंद की सामान्य बैठक गुरुवार को नगर पालिका सभाकक्ष में अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने परिषद के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के स्वागत उद्बोधन के साथ की। इसके बाद विभिन्न एजेंडों पर चर्चा करते हुए परिषद ने जनहित से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों का संचालन नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि महासमुंद सभी नागरिकों का साझा शहर है और इसे स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की समान रूप से है।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत वृद्धावस्था, विधवा एवं अन्य पात्र हितग्राहियों के नए आवेदनों का शीघ्र निराकरण एवं स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया। साथ ही राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का भी त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
बैठक में शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। परिषद ने फिल्टर प्लांट बेलसोंडा तथा इंटेकवेल मुढ़ेना में संचालित जल प्रदाय योजनाओं के उपकरणों, ट्रांसफार्मरों एवं मोटर पंपों की मरम्मत और नियमित रखरखाव को प्राथमिकता से कराने का निर्णय लिया। उद्देश्य यह है कि आगामी गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। परिषद ने निर्णय लिया कि 15 अगस्त का समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाया जाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में वार्डों, प्रमुख चौराहों एवं स्मारकों पर ध्वजारोहण करने वाले पार्षदों की सूची भी साझा की गई।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शहर के मध्य स्थित दर्री तालाब के सौंदर्यीकरण से जुड़ा रहा। अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने प्रस्ताव रखा कि चार वार्डों के बीच स्थित इस तालाब को विकसित कर शहर का प्रमुख पर्यटन एवं विश्राम स्थल बनाया जाए। इसके तहत तालाब परिसर में हरियाली, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा तथा सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए जाएंगे। परिषद के सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया।
इसके अलावा 11 जून 2026 को आयोजित प्री-बजट इन काउंसिल बैठक में पारित निर्णयों का भी परिषद द्वारा अनुमोदन किया गया। बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की समस्याओं की प्राथमिकता तय कर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर सहित नगर पालिका के पार्षद, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, एल्डरमैन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।