भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) प्रमाणित सामग्री का ही करें क्रय : कलेक्टर
बेमेतरा 05 अगस्त 2026/- भारत सरकार द्वारा राजपत्र के माध्यम से जारी गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (क्वालिटी कंट्रोल आर्डर – QCO) के अनुपालन में जिला बेमेतरा के समस्त शासकीय विभागों को सामग्री क्रय में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, जिला बेमेतरा अंतर्गत संचालित सभी विभाग किसी भी प्रकार की सामग्री, उपकरण अथवा उत्पाद का क्रय करते समय भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा प्रमाणित (BIS Certified) सामग्री का ही क्रय सुनिश्चित करेंगे। गुणवत्ता नियंत्रण आदेश के अंतर्गत अधिसूचित उत्पादों के लिए निर्धारित भारतीय मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों, आहरण एवं संवितरण अधिकारियों तथा क्रय से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार की सामग्री की खरीद से पूर्व यह सुनिश्चित करें कि संबंधित उत्पाद पर भारतीय मानक ब्यूरो का वैध प्रमाणन (ISI/BIS Mark) उपलब्ध हो। गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग न केवल कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करेगा, बल्कि सार्वजनिक धन के प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग को भी बढ़ावा देगा।
सभी विभागों से अनुरोध किया गया है कि भारत सरकार के गुणवत्ता नियंत्रण आदेश का अक्षरशः पालन करते हुए केवल मानक एवं प्रमाणित सामग्री का ही क्रय करें तथा क्रय प्रक्रिया में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करें।
