अगस्त माह में शैक्षणिक संस्थानों में होंगे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से युवाओं को मतदान के प्रति किया जाएगा जागरूक
बेमेतरा 05 अगस्त 2026/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के समस्त विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) के माध्यम से अगस्त 2026 के दौरान व्यापक मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार, स्वीप (SVEEP) कार्ययोजना के अंतर्गत युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा नए मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का संचालन संबंधित संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के नोडल अधिकारी एवं क्लब के सदस्यों के माध्यम से किया जाएगा।
निर्देशों में कहा गया है कि आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालयों में नियुक्त कैम्पस एम्बैसडर तथा प्रोफेसर नोडल अधिकारी (SVEEP) की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन, मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकार एवं कर्तव्यों तथा निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से कार्यक्रम की तिथि, समय एवं स्थल की जानकारी पूर्व में उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि कार्यालय के अधिकारी भी कार्यक्रमों में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को मतदान के प्रति प्रेरित कर सकें। सभी संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि अगस्त माह में निर्धारित मतदाता जागरूकता गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित करते हुए पालन प्रतिवेदन एवं कार्यक्रम संबंधी जानकारी 05 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करें।
