मलेरिया मुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करें : कलेक्टर

स्कूल, आश्रम एवं छात्रावासों के बच्चों का शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनाने के निर्देश
कन्या आश्रमों एवं छात्रावासों में महिला सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
नारायणपुर, 05 अगस्त 2026// जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में मलेरिया मुक्त अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं, आधार पंजीयन, शिक्षा एवं आवासीय संस्थाओं से संबंधित कार्यों सहित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मलेरिया मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर मलेरिया की जांच एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जिले के स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों की मलेरिया जांच कराने तथा जांच के दौरान चिन्हित बच्चों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए मलेरिया की रोकथाम, जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों का शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा आधार कार्ड से वंचित न रहे, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। आधार कार्ड निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए शेष बच्चों का आधार पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बस्तर मुन्ने योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने जिले में निर्माणाधीन स्कूल, आश्रम एवं छात्रावास भवनों की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल, आश्रम एवं छात्रावासों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा भवनों में आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी कन्या आश्रमों एवं छात्रावासों में महिला सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल आवासीय वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मायका सेंटर में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में खाद एवं बीज वितरण की प्रगति की जानकारी ली तथा सभी पात्र किसानों तक समय पर खाद एवं बीज का वितरण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा वितरण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सभी जिला अधिकारियों को ई-ऑफिस का अनिवार्य एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त सुनील कुमार सोनपिपरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कुंवर, तहसीलदार सौरभ चौरसिया, विजय साहू, जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्रनाथ पाण्डेय तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।