खेल पुरस्कारों व खेलवृत्ति के लिए 05 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
उत्तर बस्तर कांकेर, 04 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, नगद प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, प्रेरणा निधि एवं खेलवृत्ति (डाईट मनी) के लिए 05 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार राज्य के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को प्रदान किया जाता है। राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में या राष्ट्रीय खेलों में कोई पदक प्राप्त किया गया हो या अधिकृत अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया गया हो।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इसी तरह जूनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है, जिनके द्वारा जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में कोई पदक प्राप्त किया गया हो। ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने विगत 5 वर्षो में चार बार सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाले महिला, पुरूष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान से सम्मानित किया जाता है। प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार से अलंकृत किया जाता है। खेल से जुड़े 55 वर्ष से या अधिक उम्र के अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से अलंकृत किया जाता है। इसी प्रकार सीनियर व जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त दल को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाती है।
जिला खेल अधिकारी कार्यालय द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार हेतु 03 लाख रूपये, शहीद कौशल यादव पुरस्कार हेतु 01 लाख 50 हजार रूपये, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार हेतु 01 लाख 50 हजार रूपये, शहीद विनोद चौबे सम्मान एवं पंकज विक्रम सम्मान हेतु 25-25 हजार रूपये नगद पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। इसी प्रकार सीनियर एवं जूनियर वर्ग के दलीय खेलों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जायेगी, जिसमें ऐसे दलीय खेल जिसके सदस्यों की संख्या 04 है, उन्हें सीनियर वर्ग में रूपये 02 लाख एवं जूनियर वर्ग में रूपये 01 लाख का पुरस्कार दिया जायेगा तथा ऐसे दलीय खेल जिनमें सदस्यों की संख्या 04 से अधिक हैं, उन्हें सीनियर वर्ग में 05 लाख रूपये तथा जूनियर वर्ग में 03 लाख रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। पुरस्कार के अतिरिक्त मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई प्रदान की जावेगी। आवेदन पत्र संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर या कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण कांकेर में 05 अगस्त तक कार्यालयीन समय में जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्रों की प्रारूप विभाग की वेबसाईट http://sportsw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। पुरस्कार संबंधी आवेदन केवल आनलाईन के माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।
