हमर लक्ष्य से संवरेंगे विद्यार्थियों के सपने, बोर्ड मेरिट और जेईई, नीट की तैयारी होगी मजबूत

उत्तर बस्तर कांकेर, 04 अगस्त 2026/ आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम और अधिक विद्यार्थियों को राज्य मेरिट सूची में स्थान दिलाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ‘हमर लक्ष्य’ कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय कोर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, मासिक टेस्ट, कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं तथा बोर्ड परीक्षा की सुनियोजित तैयारी पर जोर दिया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संकुल प्राचार्यों को प्रत्येक माह विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा तैयारी की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही मासिक, त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक एवं प्री-बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का विषयवार विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया। बैठक में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जेईई, नीट और एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु अतिरिक्त कक्षाएं, टेस्ट सीरीज, प्रश्न अभ्यास और डाउट क्लास नियमित संचालित करने का निर्णय लिया गया। जिला मिशन समन्वयक ने बताया कि जिला कोर समिति एवं विषय विशेषज्ञ समय-समय पर विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षकों और विद्यार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन दिया जाएगा। बैठक में अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए नियमित पालक बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।