हरियर महासमुंद अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, प्रतिदिन हो रहा 100 पौधों का निःशुल्क वितरण
पालिका का 3 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य, अध्यक्ष ने नागरिकों से पौधों के संरक्षण का किया आह्वान
महासमुंद। शहर को हराभरा और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा ‘हरियर महासमुंद अभियान’ पूरे उत्साह के साथ संचालित किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की विशेष पहल पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत नगर में 3 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को जनभागीदारी का व्यापक समर्थन मिल रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक पौधे लेकर पौधरोपण कर रहे हैं।
अभियान का शुभारंभ कुछ दिन पूर्व स्वामी आत्मानंद हाई स्कूल मैदान में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ पौधरोपण कर किया था। इसके साथ ही उन्होंने शहर के पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की थी।
अध्यक्ष की अपील का सकारात्मक असर अब दिखाई देने लगा है। नगर के सरकारी एवं निजी विद्यालयों, सामाजिक संगठनों, स्व सहायता समूहों, विभिन्न शासकीय कार्यालयों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों द्वारा प्रतिदिन नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर पौधे लिए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 100 पौधों का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।
मंगलवार को नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने सभापतियों, पार्षदों और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के साथ मिलकर विभिन्न संस्थाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों को पौधों का वितरण किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि “हरियर महासमुंद का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक पौधरोपण के साथ उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसे जीवित रखना है।” उन्होंने नागरिकों से अपने घर, स्कूल, कार्यालय, सार्वजनिक स्थलों और मोहल्लों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
कार्यक्रम में सभापति गुलशन साहू, सूरज नायक, जितेंद्र ध्रुव, ज्योति (रिंकू) चंद्राकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, पार्षद नीरज चंद्राकर, अभियंता एस.डी. शर्मा, राजस्व प्रभारी गुमान ध्रुव, जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार, लेखापाल करण यादव, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नौसाद बख्श सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
