गाली देने से मना करने पर पड़ोसी ने की मारपीट

महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक-6 में गाली-गलौज का विरोध करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। पड़ोसी ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि दांत से काटकर भी घायल कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड-6 निवासी पुरुषोत्तम विश्वकर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 1 अगस्त की रात करीब 8 बजे उसका पड़ोसी तुषार ध्रुव शराब के नशे में हुड़दंग कर रहा था और उसकी पत्नी को गालियां दे रहा था। जब उसने गाली देने से मना किया तो आरोपी आगबबूला हो गया।
आरोप है कि तुषार ध्रुव ने उसके साथ मारपीट करते हुए दाहिने पैर को मरोड़ दिया तथा दाहिनी भुजा के पास दांत से काटकर घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।