दो माह से वेतन नहीं मिलने पर सुरक्षा कर्मियों का अल्टीमेटम
filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 7864320;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 49;
10 तारीख तक भुगतान नहीं हुआ तो 11 को देंगे सामूहिक इस्तीफा
जिले के देशी व अंग्रेजी शराब दुकानों की सुरक्षा में लगे ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के सुरक्षा कर्मियों ने जिला आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, समय पर वेतन भुगतान की मांग
महासमुंद। जिले भर में संचालित देश व अंग्रेजी शराब दुकानों में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के माध्यम से कार्यरत सुरक्षा कर्मियों ने वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी को लेकर जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की है। ज्ञापन में सुरक्षा कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो वे 11 तारीख को सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
ज्ञापन के अनुसार सभी सुरक्षा कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का नियमित रूप से निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि जून माह का वेतन भी दो माह बीत जाने के बाद तक अप्राप्त है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि वेतन में देरी के कारण बच्चों की पढ़ाई, घर-परिवार का खर्च, मकान किराया, किस्तों का भुगतान सहित अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों को उधार लेकर परिवार का खर्च चलाना पड़ रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव से भी गुजर रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्य करने के बावजूद समय पर वेतन नहीं मिलने से सुरक्षा कर्मियों का कंपनी में कार्य करना कठिन हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि कंपनी अपने कर्मचारियों के हितों का ध्यान नहीं रखती है तो ऐसी स्थिति में वहां कार्य करने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
सुरक्षा कर्मियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनके सामूहिक इस्तीफे के बाद उन दुकानों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी या राजस्व की हानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी उनकी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि समय पर वेतन भुगतान नहीं होने के कारण उनके पास यह कदम उठाने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है।
सुरक्षा कर्मियों ने जिला आबकारी अधिकारी से आग्रह किया है कि उनके वेतन का नियमित एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें रोजगार छोड़कर अन्य कार्य तलाशने के लिए विवश न होना पड़े। इस पर जिला आबकारी अधिकारी संजय पाण्डेय ने सुरक्षाकर्मियों को आस्वस्त किया कि, 10 तारीख तक वेतन भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएंगी।
