कांग्रेस ने मनाई पं. रविशंकर शुक्ल और पं. विद्याचरण शुक्ल की जयंती, दी श्रद्धांजलि

नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और महासमुंद के विकास में शुक्ल परिवार के योगदान को किया याद
महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को स्थानीय कांग्रेस भवन में अविभाजित मध्य प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित रविशंकर शुक्ल तथा उनके सुपुत्र, देश के वरिष्ठ राजनेता पंडित विद्याचरण शुक्ल की जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राजनीतिक, सामाजिक और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पंडित रविशंकर शुक्ल ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व और जनहितकारी कार्यों से प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और छत्तीसगढ़ अंचल के विकास में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
सभा में पंडित विद्याचरण शुक्ल के लंबे राजनीतिक जीवन और राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रभावशाली योगदान को भी याद किया गया। नेताओं ने कहा कि महासमुंद से उनका विशेष जुड़ाव रहा और लंबे समय तक यह क्षेत्र शुक्ला बंधुओं के मजबूत राजनीतिक गढ़ के रूप में जाना जाता रहा। क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों और जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने में शुक्ल परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल ने किया। अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने तथा उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, जिला प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल, जिला कोषाध्यक्ष सेवनलाल चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, दाऊलाल चंद्राकर, संजय शर्मा, शहर महामंत्री निर्मल जैन, ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन साहू, निखिलकांत साहू, कृष्णा चंद्राकर, भरत ठाकुर, ढेलू निषाद, पार्षद मुस्ताक खान विक्की, डॉ. तरुण साहू, वीरेंद्र चंद्राकर, नितेंद्र बैनर्जी, हार्दिक सोना, प्रदीप चंद्राकर, अनीश राजवानी, कमल प्रजापति, राजेश मुखर्जी, अब्दुल जावेद, तुलसी देवादास, भानु सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।