विद्यालय परिसर में शराब सेवन का वीडियो वायरल होने पर दो शिक्षक निलंबित

गरियाबंद, 03 अगस्त 2026/ विकासखंड मैनपुर अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवझर अमली के दो शिक्षकों को विद्यालय परिसर में शराब का सेवन करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अगस्त 2026 को वेब न्यूज एवं सोशल मीडिया पर विद्यालय के कार्यालय कक्ष में शिक्षक एल.बी. कमल सिंह दीवान एवं मनोज कुमार भारद्वाज के शराब का सेवन करते तथा चखना खाते हुए वीडियो और समाचार वायरल हुआ था। प्रारंभिक जांच में दोनों शिक्षकों का यह कृत्य स्पष्ट रूप से सामने आया। जिसे शिक्षकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता माना गया। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है।
जिला एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम के तहत दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में दोनों शिक्षकों का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मैनपुर नियत किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।