2 अगस्त से शुरू होगा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान

युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित, जिले में होंगे विविध जागरूकता कार्यक्रम
कोण्डागांव 01 अगस्त 2026/भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 2 अगस्त 2026 से ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। इसके अंतर्गत देशभर में लगभग 10 हजार स्थानों पर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा एक करोड़ से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को निरंतर संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है, ताकि नशामुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

इन्हें भी पढ़े