गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी
परमपूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज का लिया आशीर्वाद, गुरु परंपरा के महत्व को बताया जीवन का मार्गदर्शक
रायपुर, 30 जुलाई 2026/वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायपुर स्थित जैनम मानस भवन में आनंदम धाम पीठ के पीठाधीश्वर परमपूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परमपूज्य सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वाेच्च माना गया है। गुरु केवल ज्ञान का प्रकाश ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा, संस्कार और उद्देश्य भी प्रदान करते हैं। गुरु पूर्णिमा का यह पावन पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों का मार्गदर्शन समाज में नैतिक मूल्यों, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करता है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराएं और अधिक मजबूत होती हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। गुरु पूर्णिमा महोत्सव का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
