उफनते सितली नाले में फंसे दो मजदूरों को बाढ़ बचाव दल ने सुरक्षित निकाला

एक सप्ताह से लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर
15 सदस्यीय रेस्क्यू टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद बचाई जान
महासमुंद। जिले में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। गुरुवार को महासमुंद तहसील क्षेत्र के सितली नाला में अचानक जलस्तर बढ़ जाने से बम्हनी स्थित एक फर्शी उद्योग में कार्य करने वाले दो मजदूर बाढ़ के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और 15 सदस्यीय बाढ़ बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर दोनों मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के रहने वाले संतोष साहू और दुकालु निषाद बम्हनी स्थित फर्शी उद्योग में काम करते हैं। लगातार बारिश के चलते सितली नाला उफान पर आ गया, जिससे दोनों मजदूर बाहर नहीं निकल सके और शाम से वहीं फंसे रहे। मामले की सूचना प्रशासन को मिलते ही बाढ़ बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा और जोखिम भरे अभियान के बाद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दल ने पूरी सतर्कता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई की, जिससे दोनों मजदूरों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी। सुरक्षित निकाले जाने के बाद मजदूरों ने राहत की सांस ली।
इधर, जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक महासमुंद जिले में औसतन 720 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

इन्हें भी पढ़े