बेलसोडा फिल्टर प्लांट में शुरू हुआ सुधार कार्य, पेयजल व्यवस्था होगी और मजबूत

पालिका अध्यक्ष के निरीक्षण के बाद कार्रवाई, उपकरणों की मरम्मत व रखरखाव पर विशेष जोर
महासमुंद। शहरवासियों को निर्बाध, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने बेलसोडा स्थित फिल्टर प्लांट में आवश्यक उपकरणों के सुधार एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू द्वारा हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन में की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने फिल्टर प्लांट की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया था। इस दौरान उन्होंने पाया कि जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े कुछ उपकरणों के रखरखाव एवं तकनीकी सुधार की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने जल प्रभारी को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि शहर में पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि फिल्टर प्लांट के उपकरणों का नियमित रखरखाव और समय-समय पर आवश्यक सुधार कार्य किए जाने से जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही भविष्य में तकनीकी खराबियों की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाएगी।
इस संबंध में जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार ने बताया कि फिल्टर प्लांट में चल रहे सुधार एवं मरम्मत कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्य की नियमित निगरानी भी की जा रही है, ताकि गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और शहर की पेयजल आपूर्ति बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से संचालित होती रहे।
नगर पालिका के इस प्रयास से आने वाले समय में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं विश्वसनीय होने की उम्मीद जताई जा रही है। नागरिकों को नियमित एवं बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका लगातार आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है।