पिटियाझर में नाली निकासी व्यवस्था का सीएमओ ने किया निरीक्षण, बिना अनुमति निर्माण पर जताई नाराजगी

जलभराव रोकने नाली सफाई के निर्देश, अवैध निर्माण की तत्काल जानकारी देकर नियमानुसार कार्रवाई करने के दिए आदेश
महासमुंद। नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सौरभ शर्मा ने रविवार को वार्ड क्रमांक 12 पिटियाझर पहुंचकर नाली निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के समय वार्ड पार्षद, स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी तथा नगर पालिका के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने वार्ड में बिना भवन निर्माण अनुमति के बनाए जा रहे मकानों के संबंध में वार्ड प्रभारी से जानकारी ली। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति किए जा रहे किसी भी निर्माण की तत्काल सूचना उपलब्ध कराई जाए तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नालियों की तत्काल सफाई कर उनमें जमा अवरोधों को हटाया जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी बाधित न हो और क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ भवन निर्माण संबंधी नियमों का भी कड़ाई से पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसकी जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती कल्पना सूर्यवंशी, श्रीमती भारती चंद्राकर, पूर्व पार्षद राजेंद्र चंद्राकर, स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी नौशाद बख्श सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।