पीठ पर बैग में गांजा लेकर पैदल जा रहा अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रेहटीखोल चेक पोस्ट पर दबोचा, 4 किलो गांजा और मोबाइल जब्त; संबलपुर से अमरावती ले जाने की थी तैयारी
महासमुंद। एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी पीठ पर बैग में गांजा भरकर पैदल ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीठ पर पिट्ठू बैग में गांजा लेकर पैदल ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेख नईम (30 वर्ष), निवासी हबीब नगर, थाना खोलापुरी गेट, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा संबलपुर (ओडिशा) से लाकर अमरावती (महाराष्ट्र) में खपाने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 2 लाख रुपये तथा 5 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2 लाख 5 हजार रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।