चंडी मंदिर की पहाड़ी पर आधी रात जुए की महफिल पर पुलिस का धावा

12 जुआरी गिरफ्तार, 4 फरार; 20.35 लाख रुपये का नगदी, वाहन और सामान जब्त
महासमुंद। जिले में जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे पहाड़ी जंगल में संचालित जुए के अड्डे पर दबिश देकर 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से नगदी, ताश, मोबाइल, कार, मोटरसाइकिल, स्कूटी समेत कुल 20 लाख 35 हजार 100 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घुचापाली के चंडी मंदिर के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में कुछ लोग बड़े पैमाने पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे का लाभ उठाकर चार आरोपी भाग निकले, जबकि 12 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,60,100 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 9 बंडल ताश, एक दरी, एक सीएफएल बल्ब, विभिन्न कंपनियों के 14 मोबाइल फोन, दो चारपहिया वाहन, चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की। जब्त मशरूका की कुल कीमत 20,35,100 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 124/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2), छोटे संगठित अपराध की धारा 112 तथा बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं फरार चार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर जुआ एक्ट के तहत यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। अब तक कुल 26 जुआरियों को जेल भेजा जा चुका है, जिससे जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।
गिरफ्तार आरोपी
भूमीलाल पटेल (45), वार्ड क्रमांक-6, पटेवा
संतोष चंद्राकर (55), वार्ड क्रमांक-12, बागबाहरा
विनय पटेल (41), जोगीडीपा, थाना पटेवा
ललित कुमार निषाद, सिंघनपुर, थाना पटेवा
रामाकांत शुक्ला (36), ग्राम बलपुर, थाना पटेवा
गुड्डा साहू (40), घुचापाली, थाना बागबाहरा
रामलाल निषाद (42), जमगांव, थाना बागबाहरा
कृष्णा कनेश्वरिया (35), आलापी
संदेश पटेल (50), मधुबन, थाना पटेवा
कादिर खान (38), कोमाखान
केशव देवांगन (37), जोगीडीपा, थाना पटेवा
हेमराज जैन (37), कोमाखान
फरार आरोपी
योगेश साहू, जुनवानी, थाना बागबाहरा
सदानंद चंद्राकर, भालूपथरा, थाना बागबाहरा
हलधर चंद्राकर (48), घुचापाली, थाना बागबाहरा
ललित पटेल, दलदली, जिला बलौदाबाजार
नगदी : ₹3,60,100
52 पत्ती ताश, 9 बंडल ताश, एक दरी एवं एक सीएफएल बल्ब
विभिन्न कंपनियों के 14 मोबाइल फोन
2 कारें
4 मोटरसाइकिल एवं 1 स्कूटी
कुल जब्ती : ₹20,35,100

इन्हें भी पढ़े