स्वच्छता अपनाओ–बीमारी भगाओ अभियान तेज, सभी वार्डों में चल रही विशेष सफाई
नालियों की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों से गाद व कचरा हटाया जा रहा; नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील
महासमुंद। नगर पालिका परिषद द्वारा मानसून के दौरान संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से “स्वच्छता अपनाओ–बीमारी भगाओ” अभियान के तहत नगर के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई, कचरा एवं गाद हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि स्वच्छता अमला प्रतिदिन विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार सफाई कार्य कर रहा है, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी से उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नागरिकों को अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों में कचरा नहीं डालने, जलभराव की स्थिति नहीं बनने देने तथा डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में सफाई संबंधी समस्या हो तो उसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर महासमुंद के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
