नकटी में गरीब परिवारों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
खल्लारी विधायक बोले- बारिश के बीच गरीबों को बेघर करना अमानवीय, पीड़ितों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग
महासमुंद। रायपुर जिले के ग्राम नकटी में 85 से अधिक गरीब परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को महासमुंद में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में नेहरू चौक पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि वर्षाकाल और लगातार हो रही बारिश के बीच गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ना भाजपा सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नकटी गांव में आधी रात को की गई कार्रवाई अमानवीय और दमनकारी है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार खुद को जनकल्याणकारी बताती है, वहीं दूसरी ओर मासूम बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मामले में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
नेहरू चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और नकटी के प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा तथा पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि गरीबों के साथ इस तरह की कार्रवाई किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, जिला प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल एवं हरदेव ढिल्लों, शहर महामंत्री निर्मल जैन, ब्लॉक अध्यक्ष देवनाथ साहू, खेमराज सिन्हा, मनोज कांत साहू, दाऊलाल चंद्राकर, गणेश शर्मा, सोमेश दवे, भरत ठाकुर, फिरोज मेमन, गिरीश पटेल, पार्षद मुस्ताक खान विक्की, दिव्येश चंद्राकर, जसबीर ढिल्लों, तुलसी साहू, ताम्रध्वज बघेल, संतोष पटेल, नितेंद्र बैनर्जी, राशी महिलांग, सोनम रामटेके, पार्षद गुलशन साहू, पार्षद जय देवांगन, टोमन सिंह कागजी, तबरेज खान, तरुण साहू, देवेश शर्मा, डॉ. एजाज नकवी, गोपी तारक, अनीश राजवानी, भोलेनाथ गंधर्व, साहिल सरफराज, अशोक अग्रवाल, सहजान पाशा, राजेश सिन्हा, अनुराग चंद्राकर, आकाश निषाद, बिट्टू साहू, लोकेश मांझी, युवराज साहू, सुरेंद्र ठाकुर, भानु सोनी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
