विकसित भारत-2047 के संकल्प को मिलेगा नया आधार, बेमेतरा जिले में VBGRAMG का भव्य शुभारंभ

जिला एवं विकासखंड स्तर पर हुआ राष्ट्रीय जन सम्मेलन का सीधा प्रसारण, ग्रामीण विकास की नई कार्ययोजना पर दिया गया जोर
मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच, तकनीकी सहायक एवं मेट हुए सम्मानित
बेमेतरा 2 जुलाई 2026/- भारत सरकार के विकसित भारत-2047 के संकल्प को ग्राम स्तर तक साकार करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाबद्ध, तकनीक आधारित और समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से आज जिले में VBGRAMG (Viksit Bharat Gram Governance Mission) का शुभारंभ किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत बेरला स्थित रेस्ट हाउस सभाकक्ष में किया गया, जहां राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जन सम्मेलन का सीधा प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की।
राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि VBGRAMG विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। इसके माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत की आवश्यकताओं के अनुरूप दीर्घकालिक विकास कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, रोजगार के अवसरों में वृद्धि, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, सामाजिक विकास तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल मॉनिटरिंग के माध्यम से योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती कल्पना तिवारी, अध्यक्ष जिला पंचायत बेमेतरा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जिला पंचायत बेमेतरा VBGRAMG के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। यह मिशन ग्राम पंचायतों को योजनाबद्ध विकास का नया मार्ग प्रदान करेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आजीविका संवर्धन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों से इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं VBGRAMG की अवधारणा का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि 1 जुलाई से प्रारंभ यह मिशन वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप समग्र विकास कार्ययोजना तैयार कर गांवों का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इसके माध्यम से केवल विकास कार्यों का विस्तार ही नहीं होगा, बल्कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से योजनाओं की सतत निगरानी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पदमाकर, नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेरला सुश्री दिव्या ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनोज देवांगन, कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कश्यप सहित विभागीय अधिकारियों ने VBGRAMG की अवधारणा, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मिशन ग्राम पंचायतों को दीर्घकालिक विकास की दिशा में सशक्त बनाएगा तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सरपंचों, तकनीकी सहायकों एवं मेटों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करेगा और अन्य ग्राम पंचायतों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।इसी क्रम में जिले के सभी विकासखंडों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में VBGRAMG शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां राष्ट्रीय जन सम्मेलन का सीधा प्रसारण देखा गया तथा मिशन की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित रूप से कार्य करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत की विकास योजना को समयबद्ध ढंग से तैयार कर धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सरपंच संघ अध्यक्ष बेरला रघुवीर ’’पिंटू’’ सिन्हा, जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक, मेट, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन जनपद पंचायत बेरला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या ठाकुर द्वारा किया गया।