भीमसेनी एकादशी मेले में किशोर पर चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम डीहीटेमरी में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेले के दौरान 17 वर्षीय किशोर पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर का उपचार ओडिशा के नुआपाड़ा जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस के अनुसार ओडिशा के ग्राम परसाभदर निवासी रिखीराम राउत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र आकाश यादव 25 जून की शाम अपने दोस्तों के साथ मेला देखने गया था। रात करीब एक बजे सूचना मिली कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आकाश के पेट में चाकू मार दिया है। मौके पर पहुंचने पर किशोर गंभीर हालत में मिला, जिसके पेट से आंत बाहर निकल आई थी। परिजनों ने तत्काल उसे नुआपाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत के आधार पर कोमाखान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।