राशन दुकान विवाद में काउंटर केस, दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज

महासमुंद। ग्राम भंवरचुवा की उचित मूल्य दुकान में शक्कर वितरण के दौरान हुए विवाद में बसना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर मामला दर्ज किया है।
सरपंच राजेश पटेल ने शिकायत में बताया कि उनका भाई खमेश कुमार पटेल 26 जून की शाम शक्कर का वितरण कर रहा था। इसी दौरान पिलादाऊ यादव और हेमंत यादव बिना लाइन में लगे शक्कर देने की मांग करने लगे। मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर पिलादाऊ यादव व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।
वहीं पिलादाऊ यादव ने शिकायत में आरोप लगाया कि शक्कर वितरण में अनियमितता की शिकायत करने की बात कहने पर रात में सुशील पटेल, राजेश पटेल, टिकेश पटेल, खमेश पटेल और प्रदीप पटेल ने उसके घर के सामने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई आरतीराम यादव और पुत्र हेमंत यादव के साथ भी मारपीट की गई। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 190 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े