तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, युवक घायल; चालक पर मामला दर्ज

महासमुंद। ग्राम लाफिन खुर्द में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक घायल हो गया। घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लाफिन खुर्द निवासी खिलेंद्र साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जून को वह निजी कार्य से महासमुंद आया हुआ था। इसी दौरान उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके पुत्र भोजराज साहू का गांव के गौठान के पास सड़क दुर्घटना में एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां उसने देखा कि भोजराज के सिर, मस्तक और जांघ में गंभीर चोटें आई थीं।
घायल भोजराज ने बताया कि वह सुबह साइकिल से बस्तीपारा स्थित दुकान से सामान खरीदकर करीब 11:30 बजे घर लौट रहा था। तभी चिंगरौद रोड स्थित चंदन किराना स्टोर के सामने टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 क्यूडब्ल्यू 6065 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बाइक चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(ए) एवं 281 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।