खेत की मरम्मत के दौरान पिता-पुत्र व भाई से गाली-गलौज, चार पर मामला दर्ज
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम मिलाराबाद में खेत की मरम्मत करा रहे पिता-पुत्र और उनके भाई के साथ गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मिलाराबाद निवासी अंतर्यामी प्रधान (68) अपनी खसरा नंबर 232/2 की 0.05 हेक्टेयर कृषि भूमि की मरम्मत 26 जून की सुबह करीब 8.30 बजे जेसीबी से करा रहे थे। इस दौरान उनके पुत्र लक्ष्मीनारायण, भाई धनपति और एक मजदूर भी मौजूद थे। आरोप है कि इसी समय गांव के देवानंद (50), बिहारी (65), डोलामणि (35) और सुनील (30) वहां पहुंचे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायत पर बसना पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
