समझाने गए युवक पर लोहे के हथियार से हमला, तीन के खिलाफ केस दर्ज
महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र में विवाद शांत कराने का प्रयास करना एक युवक और उसके भाई को महंगा पड़ गया। मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी समीर खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 जून की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ मोबाइल पर लूडो खेल रहा था। इसी दौरान गांव के यशवंत यादव और राकेश विश्वकर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। समीर ने दोनों को झगड़ा करने से मना किया, जिससे नाराज होकर राकेश विश्वकर्मा ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
समीर ने घटना की जानकारी अपने बड़े भाई सोहेल खान को दी। जब सोहेल मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास कर रहा था, तभी राकेश का पिता परस विश्वकर्मा डंडा तथा उसका छोटा भाई किशन विश्वकर्मा लोहे का हथियारनुमा वस्तु लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि परस ने राकेश से कहा कि “आज इन्हें जान से मार देंगे”, जिसके बाद राकेश ने लोहे के हथियारनुमा वस्तु से सोहेल खान के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद परस विश्वकर्मा ने डंडे से और किशन विश्वकर्मा ने हाथ-मुक्के व लात से सोहेल की पिटाई की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पटेवा पुलिस ने राकेश विश्वकर्मा, परस विश्वकर्मा और किशन विश्वकर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
