ग्राम मचेवा में विधायक की जन चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, निराकरण का दिया भरोसा
मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
नवविवाहिताओं को उपहार और नवजात शिशुओं को शिशु किट वितरित
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने ग्राम मचेवा में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके शीघ्र एवं उचित निराकरण का आश्वासन दिया।
जन चौपाल से पहले विधायक श्री सिन्हा ने गांव के महादेव मंदिर और देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। चौपाल में बुजुर्ग, महिलाएं, युवा तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने पेयजल, सड़क, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य स्थानीय मुद्दों से संबंधित मांगें रखीं।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और जनहित के कार्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी समान गति से विकास कार्य कराए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नवविवाहित बहनों को उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा नवजात शिशुओं के परिवारों को शिशु किट वितरित कर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद साहू, मंडल महामंत्री साजन यादव, चुनेश्वरी साहू, ग्राम सरपंच प्रमिला ध्रुव, भाजपा नेता प्रेम साहू, शुभम बाघ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
