एल्डरमैन नियुक्तियों में महिलाओं की कम भागीदारी पर कांग्रेस सेवादल का सवाल
महासमुंद में 24 में सिर्फ 4 महिलाओं को मिली जिम्मेदारी, भाजपा के महिला सशक्तिकरण के दावों पर उठाए प्रश्न
महासमुंद। जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष नितेंद्र बैनर्जी ने जिले की तीन नगर पालिकाओं और तीन नगर पंचायतों में हाल ही में हुई एल्डरमैन नियुक्तियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुल 24 एल्डरमैन नियुक्तियों में केवल 4 महिलाओं को ही अवसर दिया गया है, जबकि 20 पुरुषों को मनोनीत किया गया है। इस तरह महिलाओं की भागीदारी महज 16.67 प्रतिशत रही है।
बैनर्जी ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण और महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन मनोनयन जैसी प्रक्रिया में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। उनका कहना है कि एल्डरमैन की नियुक्ति सरकार के विवेकाधिकार से होती है, इसलिए महिलाओं को अधिक अवसर देने की पूरी संभावना थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है तो नियुक्तियों में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व क्यों नहीं मिला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की समान भागीदारी सामाजिक न्याय और समान अवसर का महत्वपूर्ण आधार है तथा महिला सशक्तिकरण केवल नारों से नहीं, बल्कि निर्णय लेने वाली संस्थाओं में प्रभावी प्रतिनिधित्व से साबित होता है।
