सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन की आज अहम बैठक

डीपीसी के बाद भी लंबित पदोन्नति, वीएसके ऐप की तकनीकी दिक्कतें और नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां रहेंगी चर्चा के केंद्र में
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जिला कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक रविवार को जिला मुख्यालय में आयोजित होगी। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, लंबित पदोन्नति, एकल शिक्षक व्यवस्था, वीएसके ऐप की समस्याओं तथा नए शैक्षणिक सत्र की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने बताया कि बैठक की सूचना जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों, सभी ब्लॉक अध्यक्षों, उनकी कार्यकारिणी तथा संगठन के सक्रिय सदस्यों को भेज दी गई है। उन्होंने सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि जिले के सैकड़ों स्कूल आज भी एकल शिक्षक व्यवस्था के भरोसे संचालित हो रहे हैं। एक ही शिक्षक पर अध्यापन के साथ-साथ विद्यालय संचालन का पूरा दायित्व होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर संगठन बैठक में आगे की रणनीति तय करेगा।
बैठक में प्रधान पाठक के सैकड़ों रिक्त पदों पर लंबित पदोन्नति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। संगठन का कहना है कि विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए हैं, जिससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ रही है।
इसके अलावा वीएसके ऐप के संचालन में आ रही तकनीकी एवं नेटवर्क संबंधी समस्याओं पर भी विचार-विमर्श होगा। शिक्षकों का कहना है कि नेटवर्क बाधित होने के कारण कई बार समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती, जिससे अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बैठक में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, शैक्षणिक गतिविधियों, रचनात्मक कार्यक्रमों तथा संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।