पति-पत्नी से मारपीट, गर्भवती महिला के पेट में मारी लात

पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़पटनी में पति-पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के गर्भवती होने के बावजूद उसके पेट में लात मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गढ़पटनी निवासी इंद्रकुमार कैवर्त ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 जून की दोपहर करीब तीन बजे वह खेत से अपने घर लौट रहा था। घर के पास आम के पेड़ के नीचे पहले से बैठे मोनू, शत्रुघ्न और एक अन्य व्यक्ति ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और एक राय होकर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी उमा कैवर्त के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। शिकायत में बताया गया है कि उमा गर्भवती है और मारपीट के दौरान आरोपी शत्रुघ्न ने उसके पेट में लात मार दी, जिससे उसे चोट आई।
बसना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 115(2), 296 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।