प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने बेटी की कर दी हत्या, पिता गुजरात से गिरफ्तार
पटेवा पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, पिता, चाचा और बड़े पिता पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में 17 जून को ग्राम तुरेंगा के एक खेत में मिले युवती के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके ही पिता, चाचा और बड़े पिता ने मिलकर की थी। प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने साजिश रचकर युवती को मौत के घाट उतार दिया। मामले में मुख्य आरोपी पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को ग्राम तुरेंगा स्थित खेत में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव के गले एवं शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले थे। इसके बाद थाना पटेवा में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक सूचना के माध्यम से मृतका की पहचान करने का प्रयास किया। बाद में मृतका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उसके पति ने की।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रानी कुमारी सिंह ने अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद सुनसान खेत में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी उमेश सिंह (50 वर्ष) को थाना पुना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
