नशामुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 26 जून तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम
नशे के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए रैली, योग, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं का आयोजन
गरियाबंद, 19 जून 2026/ नशापान की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण तथा समाज में नशामुक्ति के पक्ष में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए जिले में 26 जून तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान विषय पर विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थाओं, नगरीय निकायों एवं पंचायतों के सहयोग से अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, जनसंपर्क, पंचायत, आबकारी तथा नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नशापान के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सामूहिक शपथ, पोस्टर निर्माण, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, साइकिल एवं बाइक रैली, योग सत्र, संगोष्ठियां तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेडियो, दूरदर्शन, सोशल मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रमों के तहत प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नशामुक्ति संबंधी साहित्य का वितरण किया जाएगा। नशा एवं एड्स प्रभावित क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग फॉर वेलनेस विषय पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योगाचार्यों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास के साथ नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरक व्याख्यान भी दिए जाएंगे। सभी आयोजनों में प्रतिभागियों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।
अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्वयंसेवकों, पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शैक्षणिक संस्थाओं तथा अन्य स्थानीय संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिले के प्रशिक्षित मास्टर वालेंटियर्स को नशा मुक्ति मित्र के रूप में पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को ऑनलाइन शपथ के लिए क्यूआर कोड एवं लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितधारकों को भारत सरकार द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
