अंबागढ़ चौकी में 24 जून को जिला स्तरीय रोजगार मेला

1432 पदों पर होगी भर्ती
मोहला 18 जून 2026। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 24 जून दिन बुधवार को किया जाएगा। संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण छत्तीसगढ़, अटल नगर नवा रायपुर के निर्देश तथा कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अनुमोदन के बाद जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र (मॉडल कैरियर सेंटर) राजनांदगांव द्वारा यह रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, बांधाबाजार, तहसील अंबागढ़ चौकी परिसर में आयोजित होगा।
रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी, जिनके माध्यम से सिक्योरिटी गार्ड, असिस्टेंट मैनेजर, अकाउंट ऑफिसर, आईटी इंचार्ज, टीपीए मैनेजर, कॉरपोरेट मैनेजर, नर्सिंग स्टाफ, लैब एवं पैरामेडिकल टेक्नीशियन सहित विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। कुल 1432 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित होगी। पदों के लिए 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीएससी नर्सिंग, बी.फार्मा, एम.फार्मा, बीसीए, बी.एग्रीकल्चर तथा एमबीबीएस जैसी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता एवं पद के अनुसार लगभग 8 हजार रुपये से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
जिला रोजगार कार्यालय ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों का ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित होना होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आने-जाने का कोई यात्रा व्यय देय नहीं होगा। रोजगार के इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की गई है।